मदन चौरसिया
: रंग-पोत कर बदली जा रही मुख्यालय की तस्वीर : डीएम ने किया नरसिंहपुर गांव का निरीक्षण : चंदौली : जनपद में गुरुवार 13 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे को लेकर अधिकारियों की सांसें फूली हुई हैं। सीएम योगी जनपद के अधिकारियों संग बैठकर जनपद में अब तक हुए विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे तथा स्थलीय निरीक्षण करेंगे। मुख्यालय के पास स्थित नरसिंहपुर गांव भी जाएंगे, जहां विकास की हकीकत परखेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कलेक्ट्रेट में हेलीपैड का निर्माण कराया गया है। सीएम के आने से पहले वाली सारी कवायद की जा रही है। सरकारी कार्यालयों का चेहरा चमकाने की कोशिश लगातार जारी है। मुख्यमंत्री गुरुवार को 11 बजकर 35 मिनट पर कलेक्ट्रेट में उतरेंगे तथा नरसिंहपुर गांव के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री 12 बजे से नीति आयोग के जरिए निर्धारित इंडिकेटर्स की समीक्षा करेंगे तथा अधिकारियों से जानकारी लेंगे। विकास कार्यों के साथ जनपद की कानून व्यवस्था की भी समीक्षा करेंगे। सवा तीन बजे वह लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे। सीएम योगी यात्रा को देखते हुए सुरक्षा के साथ मुख्यालय का चेहरा भी रंगीन किया जा रहा है।
नरसिंहपुर गांव के निरीक्षण को देखते हुए जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री विद्यालय का भी निरीक्षण करेंगे। सीएम के आगमन के पहले बच्चों को रटाया जा रहा है। सीएम के कुछ पूछ लिए जाने के मद्देनजर अध्यापकों के हाथ-पांव फूले हुए हैं। प्राथमिक स्कूल को रंग कर चेहरा बदल दिया गया है।
चंदौली से मदन चौरसिया की रिपोर्ट.