: सीएम केजरीवाल भी पहुंचे मौके पर : नई दिल्ली : दिल्ली के बुराड़ी इलाके में ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया है। घटना के बाद खुद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक मौके पर पहुंच गए और जानकारी ली। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। आज सुबह राजस्थानी मूल के परिवार के 11 सदस्यों का शव एक ही घर में बरामद हुआ है। पुलिस अभी तक यह तय नहीं कर पाई है कि यह हत्या है या आत्महत्या।
मामला उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी के संतनगर इलाके का है। सभी शव एक ही घर से बरामद किए गए हैं, जिनमें सात महिलाएं तथा चार पुरुष हैं। इनमें दस शव फंदे पर लटके मिले, जबकि वृद्ध महिला का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। फंदे पर लटके सभी शवों के आंखों पर पट्टी बंधी थी। मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि 11 लोगों के परिवार में दो भाई, उनकी पत्नियां, मां, बहन तथा बच्चे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह साढ़े सात बजे घर में कोई हलचल न देख एक पड़ोसी परिवार को देखने गया तो उसे दरवाजा खुला मिला। वह आगे बढ़ा तो अंदर का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। तत्काल पड़ोसी ने आसपास के लोगों को सूचना देते हुए पुलिस को फोन किया। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के भी होश उड़ गए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में कुछ कहने से बच रहे हैं। अभी साफ नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का। पुलिस घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, ताकि इसके पीछे की वजहों का पता किया जा सके। पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे खुदकुशी का मामला मान रही है।
एक ही परिवार के 11 लोगों की मौत से इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है। इनमें एक का प्लाईवुड का कारोबार था, जबकि दूसरा परचून की दुकान थी। बुजुर्ग महिला का तीसरा बेटा भी है, जो चित्तौड़गढ़ में रहता है। वृद्धा के साथ उसकी विधवा पुत्री भी रहती थी। यह परिवार दो दशक पहले राजस्थान से आकर दिल्ली में बस गया था।