राजीव गुप्ता
: जर्जर बांध से छोड़ा गया 18000 क्यूसेक पानी : चंदौली। जनपद में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के चलते जनपद के सभी बांध और बीयर लबालब भर गये हैं। कुछ बांधों में खतरे के स्तर तक पानी भर गया है। इसे देखते हुए जर्जर चंद्रप्रभा बांध से मंगलवार की देररात 4000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की संभावना सिंचाई विभाग ने जताई थी।
जिलाधिकारी ने जनपद में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पानी को कुछ समय तक रोके रखने का निर्देश दिया था ताकि पानी निकलने और जलस्तर कम होने के बाद इसे छोड़ा जा सके। लेकिन बांध पर पानी के लगातार बढ़ते दबाव को देखते हुए सिंचाई विभाग ने चंद्रप्रभा बांध से 18000 क्यूसेक पानी छोड़ दिया।
इतनी भारी मात्रा में चंद्रप्रभा बांध से पानी छोड़े जाने के बाद बबुरी इलाके से होकर बहने वाली चंद्रप्रभा नदी में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। कई इलाकों में घरों के भीतर तक पानी भर गया। बबुरी थाना भी जलमग्न हो गया। पानी भर जाने के कारण आधे दर्जन कच्चे मकानों के भी क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
पानी छोड़े जाने के बाद बबुरी इलाके की बदहाली का जायजा लेने डीएम के साथ मुगलसराय विधायक साधना सिंह भी मौके पर पहुंच गईं। काफी देर तक पानी सड़क के ऊपर तक बहता रहा। बबुरी को चकिया से जोड़ने वाला चंद्रप्रभा नदी पर बने के पुल के ऊपर से भी पानी लगातार बहता रहा।
चंदौली से राजीव गुप्ता की रिपोर्ट.