: संगठन में है मजबूत पकड़ : लखनऊ : यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाये गये स्वतंत्रदेव सिंह वर्तमान में योगी आदित्यनाथ की सरकार में परिवहन मंत्री के पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मंत्री बनने से पहले लगातार संगठन में सक्रिय स्वतंत्र देव की कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त स्वीकार्यता है। मूल रूप से मिर्जापुर जिले के निवासी स्वतंत्र देव यहां से निकलकर बुंदेलखंड के जालौन को अपना कर्मभूमि बनाया।
इसी जिले से अपनी राजनीति की शुरुआत करते हुए स्वतंत्रदेव मंत्री के बाद प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे हैं। आरएसएस से जुड़कर अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले वाले स्वतंत्रदेव को पार्टी के भीतर कर्मठ नेता माना जाता है। वर्ष 1986 आरएसएस प्रचारक बनने वाले श्री सिंह को 1988 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में संगठन मंत्री बनाया गया।
इस जिम्मेदारी के बाद स्वतंत्र देव ने फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वर्ष 1991 में भाजपा कानपुर के युवा शाखा के मोर्चा प्रभारी की जिम्मेदारी मिली। इसके बाद वर्ष 1994 में बुंदेलखंड के युवा मोर्चा के प्रभारी बनाये गये। 1996 एवं 1998 में दो बार युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री बनाये गये। वर्ष 2001 में यूपी में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली।
पार्टी ने इनकी मेहनत को देखते हुए 2004 में विधान परिषद भेजने के साथ ही प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दे दी। 2010 में प्रदेश उपाध्यक्ष तथा 2012 तथा 2014 में प्रदेश महामंत्री बनाये गये। यूपी में वर्ष 2017 में जब भाजपा की सरकार बनी तो स्वतंत्रदेव को बिना किसी सदन के सदस्य रहे यूपी का परिवहन मंत्री बनाया गया। मंत्री बनने के बाद श्री देव को विधान परिषद भेजा गया।