लखनऊ : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं दिग्गज भाजपा नेता कलराज मिश्र को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। कलराज मिश्र हिमाचल प्रेदश के मौजूदा राज्यपाल आचार्य देवव्रत का स्थान लेंग, जिन्हें हिमाचल प्रदेश से हटाकर गुजरात का राज्यपाल बनाया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों बदलाव एवं कलराज मिश्र के राज्यपाल पद पर नियुक्ति के आदेश जारी कर दिये हैं।
कलराज मिश्र उत्तर प्रदेश के दिग्गज नेता हैं। एक दौर में कल्याण सिंह एवं कलराज मिश्र की जोड़ी यूपी भाजपा की सबसे ताकतवर जोड़ी मानी जाती थी। उत्तर प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री रह चुके कलराज मिश्र यूपी के उन कुछ चुनिंदा नेताओं में शामिल हैं, जिन्हें विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा तथा राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
वर्ष 2014 में पहली बार देवरिया से सांसद चुने गये कलराज मिश्र वर्ष 2012 में लखनऊ पूर्वी से पहली बार विधायक भी चुने गये थे। इसके पहले वह लंबे समय तक यूपी विधान परिषद तथा राज्यसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लंबे समय तक यूपी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके श्री मिश्र एक दौर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के दावेदार भी रह चुके हैं। कलराज मिश्र की उम्र को देखते हुए भाजपा ने उन्हें राजभवन भेज दिया है।