: लंबे समय से चल रही थीं बीमार : दिल्ली : दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित का निधन हो गया है। शनिवार की दोपहर एस्कार्ट अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं।15 साल तक लगातार दिल्ली की सीएम रही स्व. दीक्षित 81 साल की थी। दिल्ली का चेहरा बदलने का श्रेय भी उनको दिया जाता है। उनके कार्यकाल में दिल्ली में तमाम विकास के कार्य हुए।
पंजाब के कपूरथला में 31 मार्च 1938 को शीला दीक्षित का जन्म हुआ था। उन्होंने दिल्ली के कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से पढ़ाई की और फिल दिल्ली यूनिवर्सिटी के मिरांडा हाउस कॉलेज से मास्टर्स ऑफ आर्ट्स की डिग्री हासिल की। उनका राजनीतिक करियर कन्नौज के सांसद के तौर पर शुरू हुआ।
साल 1984 में वह कन्नौज से कांग्रेस के टिकट पर सांसद चुनी गईं। वे 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रहीं। 2014 में उन्हें केरल का राज्यपाल बनाया गया था, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। बीते लोकसभा चुनाव में वे उत्तर पूर्व से कांग्रेस प्रत्याशी थीं, लेकिन भाजपा के मनोज तिवारी से हार का सामना करना पड़ा था।