: इनकी नियुक्ति से मीडिया विभाग को मिलेगी मजबूती : लखनऊ। यूपी भाजपा ने लंबे समय से निष्क्रिय पड़े विभाग, प्रकल्प प्रकोष्ठों का गठन कर दिया है। इसमें 17 विभाग, 9 प्रकल्प तथा 17 प्रकोष्ठ शामिल हैं। क्षेत्रीय स्तर पर टीम संतुलित नहीं है, लेकिन कुल मिलाकर प्रदेश अध्यक्ष की इस पहल से पुराने कार्यकर्ताओं को संगठन में दायित्व जरूर मिल गया है।
भाजपा ने पिछले दिनों गठित मीडिया टीम में नहीं लिए गए नेताओं को भी समायोजित कर लिया है। मीडिया संपर्क विभाग में तरुणकांत त्रिपाठी को संयोजक बनाया गया है, जबकि नवीन श्रीवास्तव, राकेश त्रिपाठी, सुधाकर सिंह कुशवाहा और अभय सिंह को सहसंयोजक बनाया गया है।
टीम में शामिल किए गए नवीन श्रीवास्तव इसके पहले भी मीडिया पैनल में शामिल थे, जबकि राकेश त्रिपाठी प्रदेश प्रवक्ता थे। इन दोनों को फिर से मीडिया टीम में जिम्मेदारी दिए जाने से इनके समर्थकों में खुशी है। नवीन श्रीवास्तव और राकेश त्रिपाठी पहले भी विभिन्न मीडिया माध्यमों में पार्टी का पक्ष दमदारी से रखते आ रहे हैं।
माना जा रहा है कि इन्हें फिर से शामिल किए जाने के बाद भाजपा का मीडिया विभाग और मजबूत हुआ है। पिछले दिनों घोषित टीम में इन लोगों का नाम शामिल नहीं होने से इनके समर्थकों के साथ अन्य लोगों को भी आश्चर्य हुआ था। अब देर से ही सही इन्हें मीडिया टीम में शामिल कर पुरानी गलती सुधार ली गई है।